माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डाॅ. यश गर्ग ने बताया कि हरियाणा विधानसभा आम चुनाव-2024 के मद्देनजर जिले में शांतिपूर्वक और पारदर्शी चुनाव करवाने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की डयूटी चुनाव प्रक्रिया में लगी है, और जिन्होंने फाॅर्म 12 जमा करवाया है। वे पोस्टल बैलेट के माध्यम से डाक मतपत्र सुविधा केंद्र पर जाकर अपने मत का प्रयोग कर सकते हैं। उनके मतदान का प्रयोग सुनिश्चित करने के लिए डाक मतपत्र सुविधा केंद्र पंचकूला और कालका विधानसभा क्षेत्र में बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि पंचकूला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सेक्टर-1 के ऑडिटोरियम में डाक मतपत्र सुविधा केंद्र बनाया गया है।
जिन अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी चुनाव प्रकिया में लगी है, वे डाक मतपत्र सुविधा केंद्र में आकर पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान कर सकते हैं। डाॅ. गर्ग ने बताया कि मतदान करने का समय 30 सितंबर से चार अक्तूबर सुबह 9 से शाम 5 बजे तक होगा। उन्होंने बताया कि कालका विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय सेक्टर-14 के कमरा नंबर-112 में डाक मतपत्र सुविधा केंद्र बनाया गया है। जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी चुनाव प्रकिया में लगी है, वे डाक मतपत्र सुविधा केंद्र में आकर पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान कर सकते हैं।