पंचकूला। दिवाली के पावन पर्व पर जहां हर कोई अपने परिवार के साथ जश्न में डूबा नजर आया। वहीं रेडक्रॉस में नर्सिंग ऑफिसर वीना रानी ने इस बार दिवाली कुछ खास अंदाज में मनाई। उन्होंने वृद्धाश्रम और अनाथालय पहुंचकर बुजुर्गों के साथ दीपावली मनाई, मिठाइयां बांटीं और उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर पूरा वृद्धाश्रम खुशियों की रोशनी से जगमगा उठा। बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान और आंखों में चमक साफ झलक रही थी। वीना रानी ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की धरोहर हैं। इनके साथ समय बिताना और इनके चेहरे पर मुस्कान लाना ही सच्ची दिवाली है। उन्होंने यह भी संकल्प लिया कि हर साल वे इसी तरह बुजुर्गों और अनाथ बच्चों के साथ त्योहार मनाएंगी। वृद्धाश्रम प्रबंधन और लोगों ने वीना रानी के कदम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में मानवता और अपनापन बनाए रखते हैं।