रायपुररानी। कस्बे में नेताजी स्टेडियम के नजदीक स्थित मोहल्ले से दिल्ली शादी करने गए युवक के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर संक्रमितों की संख्या 11 हो गई है। पिछले कुछ दिनों पहले दिल्ली से शादी करने के बाद रायपुररानी लौटने पर दूल्हे की पॉजिटिव रिपोर्ट मिली है। इसके बाद परिजनों के टेस्ट में उसकी भाभी, पड़ोस की एक महिला और उसकी बेटी के भी पॉजिटिव होने की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई। एक सप्ताह के अंदर कोरोना टेस्ट में 11 पॉजिटिव मिलने के कारण पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि होने के बाद से ही स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों को बीआरएस स्थित कोविड केयर सेंटर भेज दिया है। संक्रमित मरीज की पुष्टि होने के बाद ही स्वास्थ्य विभाग मरीजों के संपर्क में आए लोगों को क्वारंटीन कर आसपास के क्षेत्र को कंटेंनमेंट जोन घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कस्बे में आईटीआई और स्टेडियम के नजदीक वाली गली में रहने वाले सैकड़ों परिवारों के लिए भी मुश्किलें बढ़ गई हैं। लोगों को कंटेंनमेंट जोन बनने के बाद अपने ही घरों से बाहर आने की कोई परमिशन नहीं है। रायपुररानी अस्पताल के एसएमओ संजीव गोयल ने बताया कि मरीजों के संपर्क में आने वाले सभी लोग सोमवार को बरवाला और मंगलवार को रायपुररानी अस्पताल में कोरोना टेस्ट करवा सकते हैं। क्षेत्र के सरपंच को भी इस बारे में जानकारी दी गई है।