पंचकूला। जिले में वीरवार को 97 नए लोग संक्रमित मिले हैं। इसमें पंचकूला के 69 केस हैं। 28 मरीज अन्य जिलों और प्रदेशों के हैं। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 320 पहुंच गई है। पांच मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। सीएमओ मुक्ता कुमार ने बताया कि 315 मरीज अपने घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग ने वीरवार को 590 सैंपल एकत्र कर जांच के लिए लैब भेजे हैं। इसकी रिपोर्ट शुक्रवार को आएगी। कोरोना से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लगातार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि अब तक जिले में 46040 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 45304 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं।
416 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक स्वास्थ्य विभाग ने 642344 लोगों के सैंपल जांचे हैं। सीएमओ मुक्ता कुमार ने लोगों से अपील कर कहा है कि कोरोना से बचाव के सभी जरूरी नियमों का लोग पालन करें। अगर किसी को खांसी, जुकाम हो तो लोग अस्पताल के कोविड वार्ड में जाकर अपना कोरोना टेस्ट करवा सकते हैं। इसके अलावा लोग अपने बचाव के लिए मास्क और सामाजिक दूरी का पालन करें।