कालका। गांव भैरो की सेर निवासियों ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम एक शिकायत पत्र भेजा है। शिकायत पत्र में उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत एक भी किश्त न मिलने की शिकायत की है। जानकारी देते महेश शर्मा, विवेक, रिशु सहित अन्य गांववासियों ने बताया कि हम लोग छोटे किसान हैं व कृषि पर निर्भर हैं, आपकी सरकार द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना 1 दिसंबर 2018 को लागू की गई थी व हम गांव वासियों ने अपनी जमीन से संबंधित दस्तावेज संबंधित किसान सम्मान निधि योजना के विभाग को दे दिए परंतु लगभग 1 वर्ष के ऊपर समय बीत जाने पर भी हमें इस योजना की एक किश्त का लाभ नहीं मिला। बताया कि संबंधित एग्रीकल्चर विभाग इस पर कोई कार्रवाई भी नहीं कर रहा जिसके चलते हम किसान परेशान हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि हम किसान बार-बार अधिकारियों के चक्कर नहीं काट सकते, संबंधित विभाग द्वारा हमें इस योजना से वंचित रख भेदभाव किया जा रहा है।