चंडीगढ़। केंद्र की आयुष्मान योजना को नकारते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ में दावा किया कि अगले साल से पंजाब में आयुष्मान योजना की जरूरत नहीं रहेगी, क्योंकि पंजाब सरकार द्वारा खोले जा रहे मोहल्ला क्लीनिकों में ही मरीज ठीक होंगे। गौरतलब है कि आयुष्मान स्वास्थ्य योजना केंद्र और राज्य सरकारों के संयुक्त खर्च पर चलाई जाती है, जिसमें मरीज को पांच लाख तक का कैशलेस इलाज मिलता है। पिछले दिनों इस योजना में पंजाब सरकार की ओर से अपना हिस्सा डालने में हुई देरी से विवाद खड़ा हो गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली और बंगाल में सभी को मुफ्त इलाज मिलता है, जबकि असम में केवल विशेष श्रेणी के लोगों को मुफ्त इलाज मिलता है। पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले आप ने दिल्ली की तर्ज पर मोहल्ला क्लीनिक बनाने का वादा किया था, जिसमें लोगों का मुफ्त इलाज किया जाएगा।