पंचकूला। जिले में सोमवार को कोरोना का कोई नया संक्रमित नहीं मिला है। फिलहाल जिले में तीन मरीज सक्रिय हैं। इनमें से दो लोग अपने घरों पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं, वहीं एक व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 383 सैंपल एकत्र कर जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट मंगलवार को आएगी। कोरोना से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार टीकाकरण अभियान भी चलाया जा रहा है। साथ ही टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि अब तक जिले में 44130 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 43713 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं और 414 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक स्वास्थ्य विभाग ने 610613 लोगों के सैंपल जांचे हैं। पंचकूला सीएमओ मुक्ता कुमार ने बताया कि लोगों को टीकाकरण जरूर करवाना चाहिए।