राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे रोकथाम को गंभीर प्रयासों के बावजूद पंजाब में कोरोना वायरस से पीड़ितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। शनिवार को कोरोना पॉजिटिव नौ और नए मामले सामने आने के बाद राज्य में इस घातक वायरस की चपेट में आने वालों की संख्या बढ़कर 66 हो गई है। इनमें से अब तक 5 लोगों की मौत भी हो चुकी है जबकि सुखद खबर यह भी है कि राज्य में अब तक तीन मरीज इलाज के बाद स्वस्थ होकर अपने घरों को लौट गए हैं। शनिवार को सामने आए नए मामलों में से तीन अमृतसर, तीन मोहाली और एक-एक जालंधर पठानकोट व फरीदकोट से हैं। सेहत विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, राज्य में अब तक सामने आए 1824 संदिग्ध मरीजों के सेंपलों की जांच की जा चुकी है, जिनमें से 1520 लोगों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई है। फिलहाल 239 लोगों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। राज्य में अब तक पाजिटिव पाए गए लोगों में से 2 की हालत गंभीर और 2 अन्य की हालत अति गंभीर बताई गई है। सेहत विभाग के अनुसार, राज्य में अब तक कोरोना पीड़ितों के सबसे अधिक मामले एसबीएस नगर में 19 और दूसरे नंबर पर एसएएस नगर (14) है। हालांकि एसएएस नगर के दो मरीज स्वस्थ्य होकर घर लौट गए हैं। होशियारपुर के 7 मरीजों में से एक व्यक्ति स्वस्थ हुआ है। अन्य जिलों में मरीजों की संख्या का आकंड़ा- अमृतसर में 8, लुधियाना में 6, मानसा में 3, पटियाला, रोपड़, फरीदकोट व पठानकोट में 1-1 पॉजिटिव केस है।