चंडीगढ़। पंजाब में नई पर्यटन नीति बनने जा रही है। पर्यटन विभाग के कामकाज की समीक्षा करते हुए विभागीय मंत्री अनमोल गगन मान ने अधिकारियों को इस ओर कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सूबे के संग्रहालयों, विरासती भवनों का प्रचार किया जाए। साथ ही देश-विदेश के पर्यटकों को सूबे के धरोहर स्थलों को देखने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए अधिकारियों को रणनीति बनाने के निर्देश दिए।
चंडीगढ़ कार्यालय में विभाग के कामकाज की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को विभाग के अधीन अजायबघरों और अन्य विरासती भवनों का पर्याप्त प्रचार करने के निर्देश दिए ताकि पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बड़े पैमाने पर उजागर किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों से इन विरासत स्थलों के उचित रख-रखाव को सुनिश्चित करने के लिए राजस्व पैदा करने की संभावनाओं का पता लगाने के लिए भी कहा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब में विश्वस्तरीय थीम पार्क स्थापित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने राज्य के लुप्त हो रहे ऐतिहासिक और विरासत स्थलों जैसे पुरानी पोशाकें, लोक नृत्य, गीत संगीत, विरासती खेल और पंजाबी व्यंजनों को पुनर्जीवित करने और उन्हें वैश्विक स्तर पर लाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
विभाग के प्रमुख सचिव तेजवीर सिंह और डायरेक्टर करनेश शर्मा ने विभाग के अंतर्गत विभिन्न संस्थाओं संबंधी जानकारी दी और विभाग द्वारा संरक्षित विरासत भवनों, संग्रहालयों और विभिन्न निर्माणाधीन योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वे जल्द ही विरासती स्थलों का दौरा कर उनका निरीक्षण करेंगे और उनसे आमदन पैदा करने की रणनीति तैयार करेंगे। मंत्री ने अधिकारियों को सुल्तानपुर लोधी में पिंड बाबे नानक दा योजना को विश्वस्तरीय विरासती स्थल बनाने के लिए हर संभव कदम उठाने के निर्देश दिए। पंजाबी पर्यटन को वैश्विक स्तर पर ले जाने और इसे बढ़ावा देने के वादे को दोहराते हुए अनमोल गगन मान ने विभाग के अधिकारियों को उनकी समस्याओं के हल के लिए हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।