संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-10 के सनातन धर्म मंदिर में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन मंगलवार को भागवत पीठाधीश्वर आचार्य देशमुख विशिष्ठ महाराज (सहारनपुर वाले) ने कथा में आए श्रद्धालुओं को कृष्ण जन्म की कथा सुनाई। इस कथा के दौरान श्री कृष्ण जन्म उत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया।
कथा व्यास देशमुख विशिष्ठ ने कथा में बड़ी संख्या में आए भक्तों को श्रीकृष्ण जन्म की कथा सुनाकर भावविभोर कर दिया। जैसे ही कथा मंडप में भगवान श्रीकृष्ण की किलकारी गूंजी तो सभी भक्तों बोले उठे नंद के घर आनंद भयो... हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की। कथा व्यास ने बताया कि जब धर्म पर अधर्म हावी हो जाता है तो परमात्मा मानव जाति एवं विश्व के कल्याण के लिए धरती पर अवतार लेते हैं।
धर्म की रक्षा के लिए प्रभु ने मोहिनी रूप धारण कर देवताओं को अमृत पिलाया, फिर वामन रूप धारण किया बलि से पृथ्वी से दान लिया। इसके बाद आचार्य देशमुख ने भगवान श्री राम जन्म एवं श्रीकृष्ण जन्म कथा का अति सुंदर चरित्र सुनाते हुए भगवान की लीलाओं की कथा सुनाई। इस अवसर पर भक्तों का तांता लगा रहा।