पंचकूला। सुखदर्शनपुर में निर्माणाधीन नंदीशाला का पहला शेड बनकर तैयार हो गया है। मकर संक्रांति तक इसमें करीब 350 नंदियों को रखने का प्रबंध कर दिया जाएगा। इस नंदीशाला को चलाने के लिए निजी संस्था को सौंपा जाएगा। अब जल्द ही नगर निगम की तरफ से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट मांग कर इस नंदीशाला को चलाने के इच्छुक संस्थाओं से बातचीत की जाएगी। इसके बाद संस्था ही नंदियों के रखरखाव, खानपान, उपचार इत्यादि की व्यवस्था करेगी।
महापौर कुलभूषण गोयल ने शनिवार को नंदीशाला का निरीक्षण करने के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मकर संक्रांति पर इस नंदीशाला के पहले फेज को समर्पित करने की संभावना है। इसके अलावा अगले शेड को बनाने के लिए ढाई करोड़ रुपये का टेंडर लगा दिया गया है, जोकि जल्द ही अलाट कर दिया जाएगा।
कुलभूषण गोयल ने बताया कि शहर से बेसहारा गायों को गोशालाओं में छोड़ने के बाद जल्द ही नंदियों को उठाने का अभियान शुरू हो जाएगा। शेड समर्पित होने के बाद नंदियों को पकड़ने के लिए नगर निगम की टीम जुट जाएगी। महापौर ने काम में तेजी लाने के लिए कहा है। कुलभूषण गोयल ने बताया कि नंदीशाला का निर्माण पूरा होने से शहरी क्षेत्र के साथ ही गांव कोट, डबकोरी और मट्टावाला सहित कई गांवों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो जाएगी है।
उन्होंने कहा है कि गांववासियों की शिकायत थी कि फसल तैयार होने पर नंदी खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज में गाय के साथ-साथ नंदी पूजनीय है। गांव सुखदर्शनपुर के अलावा श्रीमाता मनसा देवी गोधाम, गोवन सेक्टर-23 में बेसहारा संरक्षित पशु को रखा जा रहा है। गांव कोट में इस नंदीशाला के निर्माण से बेसहारा घूम रहे नंदियों को यहां रखा जाएगा। इस मौके पर पार्षद जय कौशिक, सुरेश वर्मा, सतबीर चौधरी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।