चंडीगढ़। पंजाब और हरियाणा के अधिकांश स्थानों पर दिन भर तेज धूप खिलने के साथ न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार आगामी 5 फरवरी तक दोनों राज्यों में धूप खिलने की उम्मीद है। इससे लोगों को ठंड से राहत मिलेगी। जानकारी के अनुसार बुधवार को दक्षिण पंजाब, दक्षिण-पश्चिमी और उत्तरी हरियाणा के कुछ हिस्से कोहरे की चादर में लिपटे रहे। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब के फिरोजपुर में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस, अमृतसर में 5.3 और पठानकोट में 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरदासपुर, फरीदकोट और पटियाला में कड़ाके की ठंड पड़ी, जहां न्यूनतम तापमान क्रमश: 5.5, 5.4, और 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा के सिरसा में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करनाल का न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि हिसार का न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भिवानी का न्यूनतम तापमान 8.7, जबकि अंबाला में यह 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।