चंडीगढ़। पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने सभी आरटीए सचिवों और एसडीएम को हिदायत दी है कि राज्य में यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित बनाने और उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटने के लिए ज्वाइंट ट्रैफिक चेकिंग मुहिम शुरू की जाए। इसके साथ ही परिवहन मंत्री ने स्कूल प्रबंधकों को भी हिदायत की है कि वह सेफ स्कूल वाहन स्कीम को अपने स्कूलों में पूरी तरह से लागू करवाएं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा।इस संबंध में लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि अदालतों द्वारा समय-समय पर जारी हिदायतों और आदेशों को सरकार द्वारा गंभीरता से लिया गया है, जिसके मद्देनजर सख्त ट्रैफिक चेकिंग मुहिम की जरूरत है। उन्होंने आरटीए सचिवों और एसडीएम को कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित रोड सेफ्टी पर आधारित समिति द्वारा समय-समय पर सड़क सुरक्षा संबंधी जो दिशानिर्देश जारी किए गए हैं, उन्हें हूबहू लागू करने के लिए ज्वाइंट ट्रैफिक चेकिंग करें। सेफ स्कूल वाहन स्कीम के अधीन स्कूली बसों की चेकिंग की जाए, क्योंकि बच्चों की सुरक्षा संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।