संवाद न्यूज एजेंसीकालका। रात को ड्यूटी पर तैनात एक डॉक्टर पर बच्चे की तबीयत खराब होने पर उसे न देखने का आरोप लगा है। बच्चे के परिजनों ने इसकी शिकायत सीएम विंडो पर दी है। शिकायत में रविश कुमार ने बताया कि वह कुराड़ी मोहल्ला कालका में रहता है। 27 जनवरी की रात को उसकी 11 वर्षीय बेटी की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। उसको लेकर वह कालका के सरकारी अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में पहुंचा। रविश ने आरोप लगाकर कहा कि उस दौरान ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अंदर सो रहा था। उसने उठकर उसकी बेटी को देखने का कष्ट भी नहीं किया। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी जो कार्ड लेकर अंदर गया था, उससे कह दिया कि स्टीम देकर घर भेज दो। उनका कहना है कि जब आधी रात को इमरजेंसी होती है, तभी लोग अस्पताल आते हैं। डॉक्टर का ऐसा रवैया उचित नहीं था। उन्होंने उक्त डाॅक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।