संवाद न्यूज एजेंसीपंचकूला। रायपुररानी में डेबिट कार्ड बदलकर अकाउंट से 25 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गांव मुरादनगर निवासी मदन लाल ने शिकायत में बताया कि वे शुक्रवार दोपहर में करीब डेढ़ बजे रायपुररानी स्थित बैंक से पैसे निकलवाने आए थे। उन्हें एटीएम से रुपये निकालना नहीं आता है, इस कारण उन्होंने एक बैंक कर्मचारी महिला को बुलाया। उसी समय एटीएम बूथ पर दो तीन लड़के खड़े थे। इनमें से एक लड़के ने रुपये निकालने का झांसा देकर डेबिट कार्ड बदल दिया। उनको कार्ड बदलने का पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने अपना खाता चेक किया तो उसमें से 25 हजार रुपये निकल चुके थे। उसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।