माई सिटी रिपोर्टर पंचकूला। राजीव और इंदिरा काॅलोनी के लोगों ने गलत तरीके से बीपीएल कार्ड काटने के विरोध में प्रदर्शन किया। पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन और वार्ड नंबर-7 की पार्षद उषा रानी के नेतृत्व में उपायुक्त महावीर कौशिक के नाम ज्ञापन सौंपा। नगर निगम वार्ड नंबर 7 की पार्षद उषा रानी और कांग्रेस नेता रामप्रसाद ने बताया कि हरियाणा सरकार ने परिवार पहचान पत्र के माध्यम से जो राशन कार्ड बनाए हैं, और जो पहले से राशन बीपीएल, एपीएल कार्ड बने थे, उनको रद्द कर दिया गया है, क्योंकि परिवार पहचान पत्र में परिवार की आय 1.80 लाख से अधिक दिखा दी गई है। इसमें विकलांग, विधवा, बुढ़ापा पेंशन लेने के नाम भी शामिल हैं। परिवार पहचान पत्र में आय कभी अधिक, कभी कम बेवसाइट पर दर्शाई जा रही है, जोकि सीएससी सेंटर संचालकों द्वारा लोगों से बिना पूछे भर दिया गया है। गरीब परिवारों के एएवाई बीपीएल कार्ड जो रद्द किए गए हैं, उनकी आय सत्यापित करवाकर उनके एएवाई बीपीएल कार्ड बनवाए जाएं। उषा रानी ने कहा कि जिन लोगों के बीपीएल कार्ड नहीं बने, उन सभी के बीपीएल कार्ड बनवाए जाए। गरीब परिवार से संबंधित रखते हैं। वार्ड में गरीब मजदूर लोग रहते हैं, जो कि दिहाड़ी मजदूरी करके व कोठियों में गरीब महिलाएं झाड़ू लगाकर अपने बच्चों का पालन-पोषण करती हैं। गरीब लोगों के राशन कार्ड कटने से दो वक्त की रोटी खाने से मजबूर हो रहे है। इतना ही नहीं खाद्य पूर्ति विभाग पंचकूला ने बीपीएल कार्ड धारकों को राशन लेने के लिए गलत डिपो होल्डर का नाम दर्ज कर दिया है, जिस कारण कई लोगों का डिपो होल्डर कालका, पिंजौर, नाडा साहिब के डिपो होल्डरों को बना दिया है। लोगों को 20 किलोमीटर दूर डिपो होल्डर के पास राशन लेने जाना पड़ेगा। इस अवसर पर पार्षद सलीम खान, संदीप बेदी, रामशरण, कैलाश, नसीम, अजीत राय, सरिता, महेश कुमार, विजेंद्र कुमार, पूजा, रीना, सुनीता, शांति, सरोजिनी देवी, विद्यावती, सुषमा, श्रवण कुमार, अनीता, कैलाश, रमेश कुमार, सुमन, सत्यवीर सिंह, अवधेश सहित अन्य मौजूद थे।