संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। हरियाणा के पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर महिला कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष सुधा भारद्वाज के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। सेक्टर-5 स्थित धरना स्थल से प्रर्दशन कर भारी संख्या में महिला कार्यकर्ता पंचकूला चंडीगढ़ बॉर्डर पर पहुंचीं। पंचकूला पुलिस ने कार्यकर्ताओं को चंडीगढ़ में प्रवेश करने से रोक दिया। इसके बाद महिला कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम तहसीलदार को एक ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी, पंचकूला की पूर्व मेयर उपिंदर कौर आहलूवालिया, मोनिका डूमरा, प्रदेश उपाध्यक्ष विमल सरेहा, ऊषा कुमारी, गीता भारती, सत्या शर्मा, निर्मल बलहारा, रीना मलिक, नीलम बाल्यान, नीलम देवी, दीप्ति शर्मा समेत कई महिला नेत्रियों ने भाग लिया। पंचकूला में प्रदेश भर से आई महिला कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सुधा भारद्वाज ने कहा कि आज हरियाणा में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। हरियाणा में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। यह प्रदेश भगवान भरोसे चल रहा है। महिलाओं, बहन, बेटियों को आज डर किसी दुश्मन से नहीं बल्कि हरियाणा व केंद्र की भाजपा सरकार और इसके पाले गुंडों से है। ये सरकार में बैठकर ही हमारी बहन-बेटियों की इज्जत पर हाथ डाल रहे हैं। महिला कोच ने हिम्मत जुटाकर संदीप सिंह के खिलाफ आवाज उठाई लेकिन मनोहर सरकार ने अपनी पूरी ताकत संदीप सिंह को बचाने में लगा दी है। महिला कोच को उसके दफ्तर में प्रताड़ित किया जा रहा है। इन लोगों ने गणतंत्र दिवस पर संदीप सिंह द्वारा पिहोवा में राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने पर आपत्ति व्यक्त किया है। हरियाणा के इतिहास में यह पहला मौका है जब छेड़छाड़ का आरोपी 26 जनवरी को झंडा फहराने जा रहा है।
- महिला कांग्रेस की मांगें
संदीप सिंह को तुरंत मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए।
संदीप सिंह के खिलाफ दर्ज एफआईआर में धारा 376 शामिल की जाए।
महिला कोच को दोबारा सुरक्षा प्रदान की जाए।
महिला कोच को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने वालों पर कार्रवाई हो।
इस मामले की जांच कर रही पुलिस की फैक्ट फाइंडिंग कमेटी को भंग किया जाए।
गैरजमानती धाराओं के तहत कार्रवाई कर संदीप सिंह को गिरफ्तार किया जाए।