सेक्टर-4 निवासी महिला ने सेक्टर-5 थाने में दी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। फाइनेंसर अनिल भल्ला, नरेंद्र खिल्लन सहित तीन के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। सेक्टर-4 निवासी महिला की शिकायत पर सेक्टर-5 थाने ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-4 निवासी रजनी रामपाल ने शिकायत में बताया कि उनके पति आनंद कुमार ट्राइसिटी और आसपास के क्षेत्र में कंस्ट्रक्शन का काम करते हैं। कुछ समय पहले पंचकूला के रहने वाले एनआरआई राजवीर सिंह सोढ़ी ने उनसे मुलाकात कर कंस्ट्रक्शन की कंपनी बनाकर इंवेस्ट करने के बारे में कहा। इसके बाद शिकायतकर्ता के पति आनंद कुमार और राजवीर सिंह सोढ़ी ने मिलकर हनुमंता प्रमोटर्स के नाम से कंपनी बनाई और दोनों उसके डायरेक्टर बने। उस दौरान शिकायतकर्ता के पति के सभी दस्तावेज कंपनी में रखे थे।
सोढ़ी ने शिकायतकर्ता और उसके पति को अनिल भल्ला और नरिंदर खिल्लन से इंवेस्टर बताकर मुलाकात करवाई। साथ ही कंस्ट्रक्शन के व्यापार में इनवेस्टमेंट करने की जानकारी दी। इसके कुछ दिन बाद सोढी कनाडा चला गया और उसने कंपनी के सभी पेपर और दस्तावेज चुपचाप नरिंदर खिल्लन को दे दिए। इसके बाद आरोपियों ने विष्णु यक्ष के साथ शिकायतकर्ता के पति के हस्ताक्षर कर फर्जी सेल डीड बनाया। इसमें आरोपियों ने करीब 13 लाख रुपये की देनदारी भी दिखा दी और मामले की शिकायत पंचकूला कंज्यूमर फोरम और पंचकूला अदालत में दे दी। परेशान होकर शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत पुलिस में दी। पुलिस ने आरोपी अनिल भल्ला, नरिंदर खिल्लन और विष्णु यक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर की।