इसके अलावा, अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि कीमतों की सूची दुकानों के बाहर और फेरीवालों की गाड़ियों पर चिपकाई जाए। मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिए कि मूंग दाल और सरसों के तेल की दर भी तय की जाए। इसके अलावा, यह भी सुनिश्चित किया जाए कि राजमार्गों पर स्थित पेट्रोल पंप भी खुले रहें।
मेवाती अस्पताल कोविड-19 अस्पताल घोषित
हरियाणा सरकार ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए अपने प्रयासों को और तेज करते हुए नलहड़ के शहीद हसन खान मेवाती सरकारी मेडिकल कॉलेज को विशेष रूप से कोविड-19 अस्पताल के रूप में घोषित किया है। इस अस्पताल में 600 बेड हैं और सभी प्रकार के चिकित्सा उपकरण की पूर्ण उपलब्धता और आपूर्ति है।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेजों को विशेष रूप से कोविड अस्पतालों में परिवर्तित करने के लिए संभावनाएं तलाशी जाएं और प्रत्येक जिले में निजी लैब की भी पहचान की जाए ताकि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के बाद इन लैबों को कोविड-19 के सैंपल की जांच के लिए नामित किया जा सके। इसके साथ ही, हर अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में रैपिड टेस्टिंग किट की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
पैक दूध की सप्लाई पर जोर दिया जाए
मुख्य सचिव ने कहा कि जिन जिलों में जहां-जहां कोरोना के पॉजिटिव मामले पाए गए हैं, उन इलाकों में दूध की आपूर्ति करने वाले दूधवालों की संख्या को कम किया जाए और इसके स्थान पर पैक्ड दूध की आपूर्ति बढ़ाने पर अधिक ध्यान दिया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी आवश्यक वस्तु की तय दर से अधिक कीमत न वसूली जाए। इस पर कड़ी निगरानी रखी जाए। पुरानी धर्मशालाओं में रहने वाले साधुओं की उचित निगरानी की जानी चाहिए और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि इन साधुओं की थर्मल स्कैनिंग की जाए और सामाजिक दूरी का पालन करवाना सुनिश्चित किया जाए।