पंचकूला। स्वच्छता के दो रंग थीम के तहत नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन टीम के सदस्यों ने पंचकूला के स्कूलों में अभियान की शुरुआत की हुई है। इसी अभियान के तहत नगर निगम की स्वच्छ भारत टीम के सदस्य सेक्टर-20 के सोलीटीयर इंटरनेशनल पब्लिक में पहुंचे और विद्यार्थियों को जागरूक किया।
उप निगम आयुक्त दीपक सूरा ने बताया कि चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर अविनाश सिंगला व स्वच्छ भारत मिशन के इंचार्ज प्रदीप कुमार, सहायक सफाई निरीक्षक अजय सूद व विपिन पूनिया ने शुक्रवार को विद्यार्थियों को स्वच्छता के दो रंग यानी हरा गीला कचरा, सूखा नीला कचरा के बारे में जागरूक किया। स्वच्छता के प्रति शपथ भी दिलवाई। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि गीले कचरे को खाद के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
निगम के सिटी टीम लीडर और स्वच्छ भारत मिशन के इंचार्ज प्रदीप कुमार ने बताया कि शहर के सभी स्कूलों में जाकर स्वच्छता के दो रंग थीम के बारे में जागरूक किया जाएगा और उन्होंने उम्मीद है कि जल्द ही पंचकूला के नागरिक स्वच्छता के दो रंग यानी हरा गीला कचरा, सूखा नीला कचरा के बारे में पूर्ण रूप से जागरूक हो जाएंगे और अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग करके रखते हुए सफाई का विशेष ध्यान रखेंगे।