पंचकूला। सेक्टर-5 के यवनिका पार्क में बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कर्मचारियों ने जिला प्रधान कमला देवी, सचिव अंजार अहमद और राज्य उप प्रधान कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय में सिविल सर्जन पंचकूला डॉक्टर मुक्ता कुमार को ज्ञापन भी दिया। इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों द्वारा करीब दो साल से कोरोना जैसी वैश्विक महामारी में अपनी जान की परवाह न कर आमजन के स्वास्थ्य को सर्वोपरि मानकर दिन-रात कार्य करने वाली श्रेणी के कर्मचारियों की जायज मांगों की निरंतर अनदेखी की जा रही है। एसोसिएशन द्वारा बार-बार पत्राचार के माध्यम से और प्रतिनिधि मंडल द्वारा मुलाकात करके स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों को कर्मचारियों की मांगों का हल करने के बारे में अनुरोध करने पर कोरे आश्वासन दिए जा रहे हैं। इससे कर्मचारियों में काफी रोष है। जिला प्रधान कमला देवी और राज्य उपप्रधान कृष्ण कुमार ने बताया कि इसी संदर्भ में सिविल सर्जन पंचकूला को 17 दिसंबर को होने वाले रोष प्रदर्शन की अग्रिम सूचना का नोटिस दिया गया था। इस दौरान आमजन को होने वाली परेशानियों के लिए प्रदेश की वर्तमान सरकार व स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारीगण जिमेदार होंगे।