चंडीगढ़। आतंकी हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए शनिवार को सेक्टर-39 स्थित आईएमटेक में चंडीगढ़ पुलिस ने मॉक ड्रिल की। राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) की ओर से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की स्पेशल फोर्स की काउंटर टेररिज्म क्षमता का आकलन किया जा रहा है। इसी के तहत अभ्यास हुआ। सूचना दी गई कि दो आतंकियों ने दो लोगों को बंधक बना लिया है। ऑपरेशन सेल के कमांडो ने परिसर घेरकर लोगों को सुरक्षित निकाला। इसके बाद हिट टीम, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड ने सर्च ऑपरेशन चलाकर दोनों आतंकियों को काबू किया और बंधकों को सुरक्षित बाहर निकाला। अभ्यास में क्यूआरटी, पीसीआर, डायल-112, फायर ब्रिगेड, सिविल डिफेंस, फोरेंसिक टीम, क्राइम सेल, क्राइम ब्रांच, थाना पुलिस और एंबुलेंस सेवाओं ने हिस्सा लिया।