चंडीमंदिर। नप के कालका पिंजौर के वार्ड नंबर 18 की समस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों ने पार्षद सीमा देवी और पूर्व सरपंच योगेंद्र ठाकुर लंबू के नेतृत्व में एसडीएम कालका से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने वार्ड की मुख्य समस्याओं से संबंधित मांग पत्र सौंपते हुए जल्द समाधान की मांग की। पार्षद ने बताया कि वार्ड में रामपुर सियूडी, लेबर कॉलोनी, बस स्टैंड कॉलोनी और महादेव कॉलोनी आते हैं। यह एक अनुसूचित वार्ड है और पिछले एक साल से वह विभिन्न समस्याओं को लेकर बार-बार लिखित में प्रस्ताव दे चुकी हैं, लेकिन कार्य अभी तक नहीं हो पाए। उन्होंने कहा कि यदि ये कार्य जल्द करवा दिए जाएं तो वार्ड के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इस दौरान एसडीएम कालका ने सभी समस्याओं पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।