एनसीबी, सीबीआई और ड्रग विभाग के छापे के विरोध में उतरी केमिस्ट एसोसिएशन
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका/पंचकूला। शुक्रवार से जिला पंचकूला की सभी केमिस्ट शॉप अनिश्चितकालीन तक बंद रहेगी। केमिस्ट एसोसिएशन कालका के प्रधान आशु गुलाटी ने बताया कि कुछ दिन से एनसीबी, सीबीआई और ड्रग विभाग पंचकूला ने कई हॉल सेल केमिस्ट की दुकानों पर रेड की थी। जिसमें उन्हाेंने सेल, परचेज की जानकारी मांगी थी। सारी जानकारी उपलब्ध करवाने के बाद भी वह सहमत नहीं हुए और स्टाॅक सील कर दिया। लगातार हाॅलसेल की दुकानों पर छापे की कार्रवाई की जा रही है। इसके मद्देनजर वीरवार को कालका-पिंजौर-पंचकूला के केमिस्ट उपायुक्त कार्यालय पंचकूला पहुंचे, जहां उन्होंने सीटी मजिस्ट्रेट पंचकूला को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने बताया कि ज्ञापन के जरिये मांग की है कि ये दुकानें ड्रग विभाग के तहत आती हैं। यदि ऐसे में कोई कार्रवाई की जाती है तो केवल ड्रग विभाग के तहत ही की जाए। अगर उनकी मांग नहीं मानी जाती है तो शुक्रवार से अनिश्चिकाल के लिए कालका, पिंजौर, पंचकूला, बरवाला, रामगढ़ में चल रहीं 480 रिटेल ओर हाॅलसेल की केमिस्ट शॉप बंद रहेंगी। पंचकूला केमिस्ट एसोसिएशन के उप प्रधान हरनीश जिंदल ने बताया कि वह छापे का विरोध करते हैं। इसलिए जिलेभर की सभी केमिस्ट की दुकानें शुक्रवार से बंद करने का फैसला लिया है।