पंचकूला। कोरोना संकट कम होने के बाद अमरनाथ अग्रवाल धार्मिक स्थल यात्रा का पहला जत्था शनिवार को वृंदावन के लिए रवाना हुआ। मेयर कुलभूषण गोयल ने इस जत्थे को रवाना कर धार्मिक यात्रा के लिए बधाई दी। जत्थे में 31 लोग वृंदावन के दर्शन के लिए गए। यात्रा के लिए वैक्सीनेशन होना अनिवार्य बताया गया है। 14-15 अगस्त को हरिद्वार, 21 अगस्त को शाकुंबरी देवी, आदी बद्री एवं केदार, 28 और 29 अगस्त को अग्रोहा एवं सालासर धाम के लिए धार्मिक यात्रा करवाई जाएगी। यह यात्रा एनएएन ग्रुप की तरफ से फ्री करवाई जाती है। कुलभूषण गोयल ने बताया कि सेवानिवृत्त और बुजुर्गों के लिए शुरू की गई धार्मिक यात्रा कोरोना के कारण मार्च 2020 में बंद करनी पड़ी थी। मार्च 2020 को यात्रा के 21 माह पूरे हो गए थे। 110 से अधिक धार्मिक यात्रा में तीन हजार से अधिक लोगों को विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करवा चुके थे। अब फिर से यह यात्रा शुरू कर दी गई है। यात्रा प्रसिद्ध समाजसेवी स्वर्गीय लाला अमरनाथ अग्रवाल की याद में शुरू की गई थी। बुजुर्गों को बस शनिवार को लेकर जाती है और दर्शन करवाने के बाद रविवार को वापस छोड़ देती है। लोग श्रीमाता मनसा देवी गौधाम पंचकूला में आकर भी बुकिंग करवा सकते हैं। लोगों को पहले बता दिया जाता है किस सप्ताह बस कौन से धार्मिक स्थल पर जाएगी। उसी हिसाब से बुजुर्ग अपने पसंदीदा धर्म स्थल पर जाने के लिए मन बना लेते हैं।