पिंजौर। यादविन्द्रा गार्डन में पर्यटन निगम एवं बागबानी विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय मैंगो मेले के प्रथम दिन विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई गईं। चित्रकला प्रतियोगिता में अजीत करमन सिंह इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल सेक्टर -41 चंडीगढ़ की सानवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर 21 की आनवी ने दूसरा जबकि राजकीय आदर्श विद्यालय हाउसिंग बोर्ड की एंजल शर्मा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। रंगोली प्रतियोगिता में राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर 20 के बच्चों की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार अमरावती विद्यालय अमरावती एनक्लेव की टीम ने दूसरा जबकि डीसी मॉडल स्कूल सेक्टर 7 के बच्चों की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। उपायुक्त महावीर कौशिक ने बताया कि मैंगो मेले के प्रथम दिन आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में कुल 155 बच्चों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि मैंगो मेले में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में 1410 विद्यार्थियों ने भाग लिया। बच्चों ने प्रतियोगिता में मैंगो मेले से संबंधित कई विषयों पर चित्रकारी की।