संवाद न्यूज एजेंसीपंचकूला। ट्रेन के आगे कूदकर एक व्यक्ति अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान अजीत सिंह राजपूत (38) गांव रैली निवासी के रूप में हुई है। जीआरपी ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। जीआरपी के जांच अधिकारी मनजीत सिंह ने बताया कि वीरवार सुबह उन्हें करीब 11 बजे सूचना मिली की एक व्यक्ति ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली है। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। उन्हें ट्रेन के पायलट ने बताया कि अंबाला से चंडीगढ़ सुबह करीब साढ़े 10 बजे ट्रेन जा रही थी। जैसे ही ट्रेन सेक्टर-19 अंडर पास के पास पहुंची तभी व्यक्ति ट्रेन के आगे कूद गया। ट्रेन से टकराते ही व्यक्ति का सिर धड़ से अलग हो गया और उसकी मौत हो गई। मृतक की जेब से सुसाइड नोट मिला है। उसमें लिखा था मैं अपनी जिंदगी से परेशान हो गया हूं, मेरी मौत का जिम्मेदार कोई नहीं है। मृतक ने सुसाइड नोट में पत्नि, माता व फैक्टरी मालिक का नंबर लिखा हुआ था। मृतक पंचकूला स्थित पेंट की फैक्टरी में नौकरी करता था। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के लिए शव को अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया और उसके परिजनों को सूचना दी।