पंचकूला। केंद्रीय जल शक्ति, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रतनलाल कटारिया ने कहा कि सोमवार से कोरोना वैक्सीन लगवाने का तीसरा चरण शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एम्स दिल्ली में जाकर स्वयं टीका लगवाया है। उन्होंने देश को वैक्सीनयुक्त और कोरोना मुक्त बनाने का आह्वान भी किया है। सोमवार को रतन लाल कटारिया अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस मौके पर उनके साथ उनकी धर्मपत्नी एवं भाजपा महिला नेता बंतो कटारिया भी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि दो माह से विपक्ष द्वारा प्रधानमंत्री मोदी से टीका को लेकर बार-बार प्रश्न किए जा रहे थे। इस मामले में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्द्धन ने कहा था कि टीका लगाने के मापदंड तय हैं, जिस दिन उनकी और मोदी जी की बारी जाएगी, टीकाकरण करवाएंगे। कटारिया ने कहा कि देश में आज तक कोविड-19 के कुल एक करोड़ 11 लाख 12 हजार 241 कंफर्म मामले दर्ज किए हैं। तीसरे चरण में 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को टीका लगाया जाएगा। इसके अतिरिक्त यह टीका 45 से 59 वर्ष के उन लोगों को लगाया जाएगा जो बीपी, कैंसर, ह्दय रोग या अन्य किसी रोग से ग्रस्त हैं।