पंचकूला। कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस ने रविवार सुबह एमडीसी क्षेत्र के सकेतड़ी गांव में औचक चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देश पर करीब 85 पुलिसकर्मियों की टीमों ने 380 घरों की जांच की और 709 किराएदारों का डाटा जुटाया। अभियान का नेतृत्व डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह और डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने किया। पुलिस ने किराएदारों के दस्तावेजों की जांच के साथ संदिग्ध ठिकानों और वाहनों की स्निफर डॉग से जांच की। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई होगी और ऐसे अभियान जारी रहेंगे। पुलिस ने मकान मालिकों व प्रतिष्ठान संचालकों से किराएदारों और कामगारों का सत्यापन कराने की अपील की।