यूटी प्रशासन के एस्टेट ऑफिस ने शहर के प्रमुख सेक्टरों में मंगलवार को देर रात तक अवैध रूप से चल रहे पेइंग गेस्ट (पीजी) की चेकिंग की। एस्टेट ऑफिस मकानों में चल रहे पीजी के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है। दो दिन में एस्टेट ऑफिस 60 पीजी संचालकों को नोटिस भेज चुका है।
इसके तहत सोमवार को सबसे पहले सेक्टर-7 में चेकिंग की गई। एरिया एसडीएम की अगुवाई वाली टीम 7.5 मरले से कम के मकान में चल रहे पीजी को नोटिस जारी कर सील करने की कार्रवाई कर रही है। दूसरे दिन विभिन्न सेक्टरों में 17 अवैध पीजी मिले, जिनकी रिपोर्ट बनाई गई है। रिपोर्ट के आधार पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। इनमें सेंट्रल एरिया में 3, साउथ में 12 और ईस्ट में 2 पीजी अवैध मिले हैं।
सोमवार को सेक्टर-32, 7 और 8 में चल रहे पीजी की चेकिंग की गई थी। इस दौरान इन सेक्टरों में 40 पीजी ऐसे सामने आए जो अवैध रूप से चल रहे थे। विभाग ने सभी पीजी की रिपोर्ट बनाकर सब डिविजनल मजिस्ट्रेट को आगे कार्रवाई के लिए भेज दी है। इस संबंध में विभाग के एक अधिकारी ने बताया की एस्टेट ऑफिसर के निर्देशों पर ही उन्होंने मंगलवार को शहर के प्रमुख सेक्टरों में चेकिंग का अभियान शुरू किया है। पहले पेज में तीन सेक्टरों को कवर किया गया है।
पहले दिन हेल्पलाइन पर आईं 17 शिकायतें
अगर किसी इलाके में कोई अवैध तरीके से पीजी चलाया जा रहा है तो टोल फ्री नंबर 1860-1802067 पर कॉल कर जानकारी दी जा सकती है। यह हेल्पलाइन नंबर यूटी प्रशासन ने जारी किया है। सोमवार को पहले दिन प्रशासन को हेल्पलाइन पर 17 शिकायतें मिली हैं। इसके अलावा अब पीजी के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन नहीं, बल्कि हर साल इंस्पेक्शन के बाद पीजी का रजिस्ट्रेशन कराना होगा। यही नहीं फायर एनओसी और इंस्पेक्शन पीजी के लिए अनिवार्य किया जाएगा ताकि बच्चों के साथ-साथ प्रॉपर्टी की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।