संवाद न्यूज एजेंसी
रायपुररानी। तूड़ी से भरे कैंटर से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। मामले में शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रायपुररानी थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार मालिक लखबीर सिंह वासी मोहम्मदीपुर जिला फतेहगढ़ साहिब ने बताया कि वह तूड़ी बेचने का कार्य करता है। वह पंजाब से तूड़ी खरीदकर रायपुररानी और पंचकूला बेचने आता है। वह 17 दिसंबर को नाभा से तूड़ी लेकर रायपुररानी बेचने के लिए रवाना हुआ था।
उसके साथ कैंटर चालक लखबीर सिंह, हरविंदर सिंह, कर्मजीत सिंह सवार थे। 18 दिसंबर की सुबह 5.30 बजे जीरकपुर चौक के पास तूड़ी उतारने में सहायता के लिए उन्होंने दो व्यक्ति सुखविंदर और लाल पासवान को अपने साथ ले लिया। रायपुररानी के गढ़ी से गोबिंदपुर जाने वाली सड़क पर शाम करीब 6 बजे मशरूम फैक्ट्री के पास चालक लखबीर ने शौच के लिए गाड़ी रुकवाई। गाड़ी रुकने पर लखबीर, हरविंदर, कर्मजीत सिंह और सुखविंदर नीचे उतर गए। लाल पासवान उतरने लगा तो अचानक चालक लखबीर सिंह ने गाड़ी चला दी। लाल पासवान सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया।
राहगीरों की मदद से उसे रायपुररानी अस्पताल लाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौका पाते ही कैंटर चालक लखबीर भाग गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सुखबीर सिंह का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।