पंचकूला। मोबाइल पर मैसेज से लिंक भेजकर पाथ स्कोर लैब के डायरेक्टर से पांच लाख रुपये ठगी का मामला सामने आया है। लैब डायरेक्टर सेक्टर-12 निवासी विजय कुमार भाटिया की शिकायत पर साइबर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विजय कुमार ने पुलिस को बताया कि 11 अप्रैल को करीब साढे 12 बजे घर में थे। तभी किसी अंजान मोबाइल नंबर से मैसेज पर लिंक भेजा गया था। मैसेज में लिखा था कि एचडीएफसी बैंक क्लेम की पेमेंट करनी होगी। तभी उसी लिंक पर क्लिक किया तो पूरा फोन हैक हो गया। इसके बाद उनके एचडीएफसी बैंक के खाते में जमा पांच लाख रुपये निकाल लिए गए। रुपये निकलने का मैसेज देखकर उन्हें ठगी होने का शक हुआ। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत साइबर पुलिस को दी। साइबर पुलिस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मुनीष कुमार ने बताया कि विजय कुमार की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मोबाइल नंबर के आधार पर साइबर सेल को छानबीन के लिए लगा दिया गया है।