चंडीगढ़। छत्तीसगढ़ में गारंटी देने के बाद के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को मध्यप्रदेश में भी पार्टी का गारंटी कार्ड जारी किया। दोनों नेताओं ने मध्यप्रदेश के लोगों को रोजगार, मुफ्त बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, शहीद सम्मान राशि और भ्रष्टाचार मुक्त शासन की गारंटी देते हुए कहा कि ‘आम आदमी पार्टी झूठे वादे नहीं करती। हम जो कहते हैं, वे करके दिखाते हैं।’इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि मध्यप्रदेश को अब भाजपा के डबल इंजन की जरूरत नहीं है। अब मध्यप्रदेश को अरविंद केजरीवाल के नई इंजन की जरूरत है। केजरीवाल की तारीफ करते हुए मान ने कहा कि जैसे गंगा की धारा उल्टी नहीं चल सकती, वैसे ही अरविंद केजरीवाल की गारंटी अधूरी नहीं रह सकती। भगवंत मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जुमलेबाज करार दिया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने देश की जनता के साथ सिर्फ जुमलेबाजी की। वह बचपन में चाय बेचने की बात करते थे लेकिन मुझे तो यह भी शक है कि उनको चाय बनाने भी नहीं आती होगी।
केजरीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले 75 साल में देश में ऐसी एक भी पार्टी नहीं हुई जिसने अच्छे स्कूल और अस्पताल बनाने के नाम पर वोट मांगा हो। उन्होंने कहा कि पूरे देश में एक ही ऐसी पार्टी है जो आपके और आपके बच्चों का भविष्य अच्छा बन सकती है, वह है आम आदमी पार्टी। अगर आप चाहते हैं कि आपके बच्चे का भविष्य बेहतर हो, उनका रोजगार अच्छी शिक्षा मिले तो आम आदमी पार्टी को वोट करें।
मामा के धोखे का बदला लेने चाचा आया: केजरीवाल
केजरीवाल ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर सियासी हमला बोला। उन्होंने कहा कि मामा ने मध्यप्रदेश के नौजवान को धोखा दिया है। अब मामा के धोखे का बदला लेने के लिए आपका चाचा (अरविंद केजरीवाल) आ गया है। अब मामा पर भरोसा मत करना। अब सिर्फ अपने चाचा पर भरोसा करना।