संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। गर्मियों में शिमला का आनंद लेने के इच्छुक सैलानियों के लिए उत्तर रेलवे अंबाला डिवीजन ने कालका-शिमला रेल मार्ग पर समर स्पेशल टॉय ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इसका संचालन शुक्रवार से ही किया जाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह हॉलीडे स्पेशल ट्रेन 12 अप्रैल से 15 जुलाई तक चलाई जाएगी। जरूरत पड़ने पर इसे आगे भी बढ़ाया जा सकता है।
इस प्रकार रहेगी समय सारिणी
गर्मियों के मौसम में शिमला पहुंचने के लिए देश-विदेश से भारी संख्या में सैलानी टॉय ट्रेन के सफर का आनंद लेने के लिए कालका रेलवे स्टेशन का रुख करते हैं। इस कारण रेलवे ने समर स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन कालका से सुबह 8 बजकर 5 मिनट पर शिमला के लिए चलेगी और दोपहर 1 बजकर 5 मिनट पर शिमला रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इसी तरह शाम को 4 बजकर 50 मिनट पर शिमला से चल कर रात 9 बजकर 40 कालका पहुंचेगी। रेलवे अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस ट्रेन में सात कोच होंगे। इसकी बुकिंग ऑनलाइन और रिजर्वेशन काउंटर से की जा सकेगी।
समर स्पेशल ट्रेन शुक्रवार से कालका शिमला के बीच चलाई जा रही है। इस ट्रेन का संचालन 15 जुलाई 2024 तक किया जाएगा। इसकी बुकिंग ऑनलाइन और रिजर्वेशन काउंटर से की जा सकेगी। - मनदीप सिंह भाटिया, डीआरएम, उत्तर रेलवे अंबाला डिवीजन।