माई सिटी रिपोर्टर पंचकूला। श्रीमाता मनसा देवी संस्कृत महाविद्यालय एमडीसी सेक्टर–5 के सहयोग से राजकीय स्नातकोत्तर कॉलेज सेक्टर –1 में राज्य स्तरीय विधिक साक्षरता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में कुल 10 प्रतियोगिताओं की विभिन्न श्रेणियों में हरियाणा के सभी संभागों से 234 प्रतिभागियों ने भाग लिया। डॉक्यूमेंट्री प्रतियोगिता में पहला स्थान राजकीय महाविद्यालय कैथल की छात्रा रितिका ने हासिल किया। दूसरे स्थान पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सेक्टर–1 कॉलेज के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की छात्रा सौम्या चतुर्वेदी और तीसरे स्थान पर एमएसीडब्ल्यू झज्जर की छात्रा अनामिका रहीं।
स्किट प्रतियोगिता में पहला स्थान डीएवी कॉलेज अंबाला शहर की टीम ने हासिल किया। दूसरे स्थान पर राजकीय महाविद्यालय कैथल और तीसरे स्थान पर एनआरएस राजकीय महाविद्यालय रोहतक की टीम ने कब्जा जमाया। ऑन द स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता में पहला स्थान डीएवी कॉलेज अंबाला सिटी के छात्र हरदीप सिंह को मिला। दूसरा स्थान राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय सेक्टर–14 गुरुग्राम की छात्रा ममता और तीसरा स्थान इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय कैथल को छात्रा प्रिया ने हासिल किया। नारा लेखन प्रतियोगिता में पहला और तीसरा स्थान एनआरएस राजकीय महाविद्यालय रोहतक के छात्र रोहित और छात्रा रीति ने हासिल किया।
दूसरा स्थान राजकीय महाविद्यालय अंबाला कैंट की छात्रा मानसी ने प्राप्त किया। कविता पाठ प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय हिसार के छात्रा दीक्षा और दिया शर्मा ने क्रमश: पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। राजकीय महिला महाविद्यालय सिरसा की छात्रा इशंजीत कौर तीसरे स्थान पर रहीं। इसी तरह से भाषण प्रतियोगिता में पहला और तीसरा स्थान क्रमश: वैश्य कॉलेज रोहतक की छात्रा सविता और छात्र अंशु ने हासिल किया। प्रतियोगिता में दूसरा स्थान राजकीय महिला महाविद्यालय कैथल की छात्रा भूमिका ने हासिल किया।
पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय सफीदों की छात्रा मोनिका ने पहला और राजकीय महाविद्यालय फरीदाबाद के छात्र बबलू ने दूसरा स्थान पर हासिल किया। कार्यक्रम का उद्घाटन सेक्टर–1 कॉलेज की प्रिंसिपल बबिता वर्मा ने किया। कार्यक्रम का आयोजन हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।