संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। देर रात डीपीएस मोड़ ईशर नगर में स्थित ज्वेलरी की दुकान से करीब चार लाख रुपये तक के गहने चोरी होने की शिकायत पुलिस ने दर्ज की है। चोरों ने ज्वेलरी की दुकान के समीप स्थित करियाना की दुकान में चोरी करने की कोशिश की परंतु सफल नहीं हो सके। इसके अलावा चोर दुकान के समीप स्थित झुग्गियों में रखे तीन मोबाइल भी चुराकर फरार हो गए।
अरमान ज्वेलरी शॉप के संचालक अकबर खान ने बताया कि बीते दिनों ईद के सिलसिले में वे बाहर गए थे। शुक्रवार को ही वापस पहुंचे। उनके छोटे भाई खुर्शीद ने बताया कि डीपीएस मोड़ पर स्थित उसकी दुकान में चोरी हो गई है। उन्होंने मौके पर पहुंचकर देखा तो पता चला कि चोर दुकान का आधा शटर काटकर अंदर की कुंडी खोलकर दुकान के भीतर पहुंचे। डिसप्ले काउंटर सहित गल्ले के नीचे रखे सोने और चांदी के जेवर चोरी कर लिए। अकबर खान ने बताया कि शुक्रवार की रात को ही चोरों ने उनके पड़ोस में स्थित करियाना स्टोर का ताला तोड़ने की कोशिश की परंतु वे ताला नहीं तोड़ पाए। इस कारण वे दुकान में चोरी नहीं कर पाए।