फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अजय चौटाला ने चौधरी देवीलाल को किया याद, बोले- ताऊ के सिद्धांतों को आगे बढ़ा रही 'जजपा'

Fri, 25 Sep 2020 04:47 PM IST
पंचकुला ब्‍यूरो अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
जननायक जनता पार्टी के संरक्षक डा. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि भारत में जब-जब किसानों के हितों की बात होगी तब-तब देश की जनता को चौ. देवीलाल सरीखे महापुरुष की याद आएगी, क्योंकि चौ. देवीलाल ने अपना पूरा जीवन किसानों के हितों की रक्षा के लिए समर्पित किया।
विज्ञापन


देश के उप प्रधानमंत्री जननायक चौ. देवीलाल की जयंती के अवसर उनके पौत्र ने उन्हें याद करते कहा कि चौ. देवीलाल ने अपने जीवनकाल में किसानों को जागरूक कर संघर्ष की वो घूट्टी पिलाई, जिसकी बदौलत किसान समाज जागरूक हुआ। देश के किसानों के लिए चौ. देवीलाल ऐसे अपराजित नायक रहे हैं, जिन्होंने अपना पूरा जीवन किसान, गरीब, मजदूर एवं सर्वहारा वर्ग के स्तर को ऊंचा उठाने में समर्पित कर दिया।

चौ. देवीलाल कहा करते थे कि भारत गांवों का देश है देश की आत्मा का निवास तो देहात में है। वे कहते थे मेरे दिल में हरेक गरीब, हरेक किसान भाई से सच्ची हमदर्दी है। भारत में ग्रामीण व्यक्ति को साधारणतय लूटने योग्य ही माना जाता है लेकिन मेरी असली ताकत भारत के ग्रामीण लोगों में निहित है। मेरी यह किस्मत रही है कि मुझे जब भी नीचा दिखाने की कोशिश की गई है, मैं और भी मजबूत होकर उभरा हूं, क्योंकि मेरी असली ताकत गरीब श्रमिक और किसान हैं।
विज्ञापन


अजय चौटाला ने बताया कि चौ. देवीलाल का बचपन से ही किसानी संस्कृति से बड़ा लगाव रहा। यही कारण था कि वे छोटे किसानों, मुजारों और निर्धन परिवारों से आने वाले संगी-साथियों के करीब आते गए। अजय चौटाला ने बताया कि सन् 1973 में चौ. देवीलाल ने किसानों को जागरूक करने के लिए तत्कालीन कांग्रेस सरकार के खिलाफ हरियाणा में किसान संघर्ष समिति का निर्माण किया।

किसान संघर्ष समिति के ध्वज के नीचे विशाल रैलियों के आयोजन के जरिये देवीलाल राजनीतिक रुग्णता को दूर करने के लिए सामने आए। इस संगठन के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने अनेक जगहों पर सभाएं करने की योजना बनाई और राज्य की विभिन्न पार्टियों को उस आंदोलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। जिसका उद्देश्य किसानों की समस्याओं की ओर सरकार का ध्यान आकृष्ट करना था।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे सरकारी दमन का विश्वास के साथ अहिंसात्मक ढंग से मुकाबला करें। अजय चौटाला ने बताया कि चौ. देवीलाल किसानों के सदैव हितैषी रहे। जब भी किसानों से जुड़े नेताओं के साथ अत्याचार हुआ, उन्होंने संगठन समन्वयक की भूमिका निभाकर सदैव किसानों की पैरवी की। वह किसानों को जागरूक करने के लिए लड़ाई लड़ते रहे। वे अक्सर कहा करते थे कि मैं पहले किसान हूं, बाद में मुख्यमंत्री।

इसी मूलमंत्र को स्वीकारते हुए उन्होंने ग्रामीणों व किसानों के हित के लिए अनेक जनहितकारी योजनाएं लागू की। अजय चौटाला ने बताया कि जननायक जनता पार्टी चौ. देवीलाल की नीतियों पर निरंतर अग्रसर है। हरियाणा के उप मुख्यमंत्री और देवीलाल के पड़पौत्र दुष्यंत चौटाला लगातार किसानों के हितों की रक्षा के लिए सरकार में किसानों की पैरवी कर रहे हैं। भाजपा-जजपा गठबंधन प्रदेश के विकास के लिए कटिबद्ध है।

किसानों की फसलों का निर्धारित मूल्य एवं किसान के खाते में सीधा भुगतान जैसी सुविधाएं सरकार ने जजपा की पहल पर ही शुरू की हैं। दुष्यंत चौटाला की जनता के साथ प्रतिबद्धता है कि वह किसानों के हितों के साथ कभी भी आंच नहीं आने देगा। जजपा चौ. देवीलाल की नीतियों का ही रोपा गया पौधा है जो सदैव किसानों, गरीबों, मजदूरों एवं सर्वहारा वर्ग के लोगों के हितों की लड़ाई लड़ते रहेंगे। जजपा के लिए सत्ता का सुख प्राथमिकता नहीं है।

उसकी प्राथमिकता है कि सत्ता के बीच रहकर किसानों की सेवा कर उनको उनका वाजिब हक दिलवाना है, ताकि चौ. देवीलाल के अधूरे सपनों एवं नीतियों को पूरा कर किसान और कमेरे वर्ग को खुशहाल बनाया जा सके। हाल ही में केंद्र सरकार ने कृषि संबंधी जो तीन विधेयक पास किए हैं उनके आधार पर जजपा अपनी कसौटी पर खरी है।

किसी भी सूरत में किसानों की निर्धारित फसल के मूल्यों पर आंच नहीं आने दी जाएगी। जिस दिन ऐसा होगा उस दिन जजपा सत्ता को छोडक़र किसानों के हितों की रक्षा के लिए चौ. देवीलाल द्वारा दिखाए गए संघर्ष के रास्ते को अपनाकर उनके बीच में होगी।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें