आरक्षण को लेकर जाट नेताओं द्वारा वीरवार से दोबारा आंदोलन शुरू करने की चेतावनी का असर पंचकूला में दिखाई दिया। सुरक्षा के मद्देनजर परिवहन निगम ने हिसार, भिवानी और टोहाना की ओर जाने वाली रोडवेज का संचालन नहीं किया। जबकि तीन बसों को रूट बदल कर चलाया।
कुछ बसों का संचालन न होने और रूट में परिवर्तन होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वीरवार को पंचकूला से भिवानी, हिसार और टोहाना जाने वाली बसों को करनाल और पानीपत के रास्ते चलाया गया।
पंचकूला सब डिपो के जिला निरीक्षक राम रतन शर्मा से बताया कि आंदोलन की चेतावनी के बाद सावधानी बरतते हुए ये निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि रोजाना 10 बजकर 10 मिनट पर पंचकूला से भिवानी जाने वाली, 11 बजे टोहाना जाने वाली और सवा एक बजे हिसार जाने वाली तीन बसों में से दो को करनाल और एक को पानीपत रूट पर चलाया गया है।
गौरतलब है कि फरवरी में जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान सरकारी और प्राइवेट वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया था। पंचकूला बस अड्डा पूछताछ केंद्र पर तैनात शेर सिंह सैनी और गुलाब सिंह ने बताया कि जाट आंदोलन की चेतावनी की वजह से वीरवार को हिसार, भिवानी और टोहाना की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या रोजाना से थोड़ा कम रही।
रोडवेज महाप्रबंधक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार अगले दिनों में जिन इलाकों में माहौल बिगड़ने की आशंका होगी, वहां बस सर्विस को बंद किया जा सकता है।