पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने वीरवार को मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से मुलाकात कर मांग की कि जहरीली शराब कांड के दोषियों के अलावा षड्यंत्रकारियों, फाइनेंसरों, संरक्षकों और कोताही बरतने वाले अफसरों पर भी कार्रवाई की जाए और उन्हें अनुकरणीय दंड दिया जाना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि मुख्यमंत्री के रूप में कैप्टन अमरिंदर सिंह के पद संभालने के साथ ही राज्य में बीते 10 साल से चल रहा जंगलराज समाप्त हो गया और कानून का शासन स्थापित हुआ, लेकिन जहरीली शराब कांड से सरकार की छवि भी धूमिल हुई है।
लोगों के विश्वास को बनाए रखने के लिए यह जरूरी है कि मामले की जांच में तेजी लाई जाए और दोषियों के साथ ही साजिश में शामिल लोगों, फाइनेंसरों और प्रायोजकों को बेनकाब करके उनपर हत्या की धाराओं के तहत मुकदमा चलाया जाए। जाखड़ ने आगे कहा कि प्रदेश में ऐसे धंधों की जड़ें 10 से 15 साल गहरी हैं और इसमें शामिल लोगों को बेनकाब करना बहुत जरूरी है।
जाखड़ ने मुख्यमंत्री के साथ मुलाकात के दौरान कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों की लापरवाही भी जिम्मेदार है। अगर कोई भी अधिकारी ऐसी घटनाओं के दोषियों को संरक्षण दे रहा है या किसी अधिकारी ने इसे रोकने के लिए कोई कार्रवाई नहीं करके अपने कर्तव्यों को पूरा नहीं किया है, तो ऐसे अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
ऐसे अधिकारियों का तबादला और निलंबन पर्याप्त नहीं है बल्कि इनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए जाने चाहिए और अनुकरणीय सजा दी जानी चाहिए, ताकि कोई अन्य अपने कर्तव्यों की उपेक्षा न करे।