चंडीगढ़। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने छात्र संगठन इनसो (इंडियन नेशनल स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन) के 20वें स्थापना दिवस पर युवाओं के साथ 20 लाख पौधे लगाएगा। साथ ही इस साल 100 मॉडल लाइब्रेरी ग्रामीण क्षेत्र में स्थापित करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के अवसर पर तिरंगा फहराने के लिए के लिए प्रेरित किया। दुष्यंत चौटाला शुक्रवार को जयपुर के टैगोर ऑडिटोरियम में आयोजित इनसो के स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे थे।
दुष्यंत चौटाला ने युवाओं से राजस्थान की कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान करते हुए कहा कि यह सरकार ग्रामीण आधारभूत ढांचा स्थापित करने में पूरी तरह फेल रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की व्यवस्था में सुधार करने के लिए किए जाने वाले संघर्ष में जननायक पार्टी व इनसो यहां के लोगों का पूरा साथ देगी। उन्होंने हरियाणा की तर्ज पर राजस्थान के निजी सेक्टर की नौकरियों में स्थानीय युवाओं को 75 फीसदी आरक्षण की आवाज उठाई। इस पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि वे इस मुद्दे पर राजस्थान के युवाओं के संघर्ष में साथ हैं। उन्होंने राजस्थान में चल रहे अवैध खनन के मामले में कांग्रेस सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि खनन माफिया के विरोध में आंदोलन करने के बावजूद सरकार द्वारा कोई कार्रवाई न करने पर आत्महत्या जैसा कदम उठाना पड़ा है। इनसो के पूर्व अध्यक्ष एवं जेजेपी के महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने युवाओं को एकजुट होकर हकों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। इस मौके पर हरियाणा के श्रम एवं रोजगार मंत्री अनूप धानक और जेजेपी विधायक अमरजीत ढांडा, इनसो राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप देशवाल, जेजेपी के हरियाणा अध्यक्ष सरदार निशान सिंह, वरिष्ठ नेता डॉ. केसी बांगड़, अनंतराम तंवर, गुजरात अध्यक्ष बच्चन सिंह, चेयरमैन रणधीर सिंह, पूर्व विधायक पिरथी नंबरदार, शिव शंकर भारद्वाज आदि मौजूद रहे।