माई सिटी रिपोर्टर पंचकूला। भारतीय सेना की अग्निवीर स्कीम के तहत वर्ष 2024 के लिए सेना में भर्ती प्रक्रिया शुरू होने वाली है। हरियाणा के छह जिलों अंबाला, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, यमुनानगर, पंचकूला और केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ के पुरुष अभ्यर्थियों और दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल और चंडीगढ़ की महिला अभ्यर्थियों के लिए पंजीकरण 13 फरवरी से 22 मार्च 2024 तक होगा। अंबाला रिक्रूटिंग निदेशक कर्नल बीएस बिष्ट ने बताया कि सभी योग्य लाभार्थी www.joinindian.nic.in वेबसाइट पर पंजीकरण करवा सकते हैं।
यह रैली पुरुष वर्ग में अग्निवीर (सामान्य कर्तव्य), अग्निवीर (तकनीकी) अग्निवीर (लिपिक, स्टोरकीपर तकनीकी) और अग्निवीर (ट्रेड्समैन) और महिला वर्ग में (महिला मिलिट्री पुलिस) के लिए आयोजित की जाएगी। अग्निवीर तकनीकी पदों के लिए चयनित विषयों में आईटीआई के योग्य उम्मीदवारों को वरीयता दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है, जिसके पहले चरण में 22 अप्रैल 2024 से ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। दूसरे चरण में ऑनलाइन परीक्षा में मेरिट में चयनित अभ्यर्थियों को भर्ती रैली में शामिल होने के लिए बुलाया जाएगा। उन्होंने उम्मीदवारों से अपील कर कहा है कि वे दलाली की किसी भी गतिविधि का शिकार न हों।