संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियार और जबरन वसूली से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 8 अगस्त को चंडीगढ़, पंचकूला, जीरकपुर और मोहाली में 17 स्थानों पर तलाशी के बाद 6.25 करोड़ रुपये की भारतीय और विदेशी मुद्रा जब्त की है। ईडी के अधिकारियों ने वीरवार को बताया कि इस मामले में अनिल भल्ला, उसके बेटे आकाश भल्ला और साहिल भल्ला, निर्मल सिंह और नरिंदर खिल्लन को बुधवार को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों को वीरवार को विशेष धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत में पेश किया गया। अदालत ने पांचों को 17 अगस्त तक ईडी की हिरासत में भेज दिया है। मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में पंचकूला पुलिस ने अनिल भल्ला और अन्य के खिलाफ अवैध लेनदेन, अवैध हथियार रखने और लोगों को धमकी देने और जबरन वसूली में उनकी कथित संलिप्तता के आरोप में 21 एफआईआर दर्ज की हैं।
दूसरी तरफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने फाइनेंसर अनिल भल्ला सहित पांच आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने सभी आरोपियों को 7 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी अनिल भल्ला, आकाश भल्ला, साहिल भल्ला, नरेंद्र खिल्लन और निर्मल सिंह हैं। आकाश, और साहिल दोनों अनिल भल्ला के बेटे हैं। नरेंद्र खिल्लन उसके दोस्त हैं। पिंजौर निवासी निर्मल सिंह के पास से तीन किलो पुलिस ने अफीम बरामद की थी। ईडी पांचों आरोपियों को अब 17 अगस्त को अदालत में पेश करेगी। ईडी रिमांड के दौरान अनिल भल्ला, उसके बेटे, रिश्तेदार व जानकारों द्वारा कहां-कहां पर प्रॉपर्टी पर कब्जा की है, इसकी जानकारी लेगी। इसके अलावा पिछले कुछ सालों में जितनी भी प्रॉपर्टी खरीदी या बेची है उसके बारे में भी ईडी पता लगाएगी कि बेची हुई प्रॉपर्टी को कैसे खरीदा था। उसके लिए पैसे कहां से आए थे।
आर्म्स मामले में की जा रही जांच
ईडी की छापे के दौरान अनिल भल्ला के घर से बरामद कारतूस की भी पुलिस जांच कर रही है। आखिर अनिल भल्ला के घर से मिले कारतूस कहां से आए और उसने किस से खरीदा थे। 8 अगस्त को ईडी ने अनिल भल्ला के सेक्टर-4 स्थित घर पर छापा मारा था। उस दौरान दस्तावेज समेत दो बैग मिले थे। उनमें कुल 17 कारतूस मिले थे। ईडी के द्वारा अदालत में पेशी के दौरान एक बैग में काफी दस्तावेज भी अदालत में ले जाए गए।