पंचकूला। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि वे पंचकूला को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए कटिबद्ध हैं। इस दिशा में अनेक प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। शनिवार को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया सेक्टर-10 शाखा द्वारा बैंक के प्रांगण में जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन करने उपरांत पत्रकारों द्वारा पूछे प्रश्नों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तीन एफआईआर पुलिस की तरफ से दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण करने पर जुर्माना राशि को पहली बार 500 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये, दूसरी बार 2000 रुपयेे और तीसरी बार 5000 रुपये कर दिया गया है। पंचकूला के कुछ बाजारों में जाम की स्थिति ना हो व वाहनों को व्यवस्थित ढंग से खड़ा किया जा सके। इसके लिए कुछ सेक्टरों जैसे- 8, 9 और 10 में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि पार्किंग के रूप में लिया जाने वाला मामूली शुल्क नगर निगम द्वारा शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाने में खर्च किया जाता हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण पंचकूला के मुख्य प्रशासक अजीत बालाजी जोशी को पंचकूला मेट्रोपोलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी के सीईओ का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। गुप्ता ने कहा कि उन्हें आशा है कि अजीत बालाजी जोशी शीघ्र ही अपना कार्यभार संभालेंगे ताकि जिस उद्देश्य के लिये पंचकूला मेट्रोपोलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी गठन किया गया है, उसे पूरा किया जा सके।