चंडीगढ़। रक्षाबंधन पर अपने-अपने घरों को जाने वालों की भीड़ चंडीगढ़ की सड़कों पर उमड़ेगी। इसकी जानकारी जिम्मेदारों को पहले से थी। बावजूद इसके चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस से लेकर अन्य जिम्मेदार महकमों ने सड़कों पर जाम न लगे इसके कोई भी बंदोबस्त नहीं किए। नतीजा हुआ कि पूरा चंडीगढ़ कई घंटे के लिए जाम में फंस गया। इस वजह से किसी की ट्रेन छूट गई तो किसी की बस और कोई फ्लाइट नहीं पकड़ पाया। जब तक चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस के जवान शहर में यातायात संभालने के लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त करते तब तक पूरा शहर जाम में फंस चुका था। पूरे शहर में जाम की हकीकत जानने के लिए अमर उजाला के संवाददाताओं ने अलग-अलग इलाके में जाकर मुआयना किया तो पता चला कि शहर में त्योहार से एक दिन पहले किस तरीके से जिम्मेदारों ने हालत बिगाड़ दिए।