पंचकूला। शहर की दो बेटियों ने छत्तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित हुई सब जूनियर नेशनल फेंसिंग प्रतियोगिता में पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। इन दोनों खिलाड़ियों को पंचकूला पहुंचने पर सम्मानित किया जाएगा। न्यू इंडिया फेंसिंग एकेडमी के कोच राजीव ने बताया कि अंडर-14 आयु वर्ग में सेक्टर-15 निवासी नविशा भारद्वाज और बुड़नपुर निवासी वंदना ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। यह प्रतियोगिता 26 से 28 मार्च तक आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में नविशा ने एकल मुकाबले में सिल्वर और टीम गेम में ब्रॉन्ज मेडल जीता है। इसके अलावा वंदना ने भी ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया है। कोच राजीव ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है।