संवाद न्यूज एजेंसी
रायपुररानी। क्राइम ब्रांच पंचकूला की टीम ने रायपुररानी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 वर्षीय नाबालिग को अवैध पिस्तौल के साथ काबू किया है। जानकारी के अनुसार पीएसआई विजय कुमार टीम के साथ गश्त के दौरान गांव मौली चौक पर मौजूद थे। इस दौरान उन्हेंं सूचना मिली की एक किशोर गांव ककराली-अंबाला रोड पर बनी खल फीड फैक्ट्री के पास किसी का इंंतजार कर रहा था। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को मौके से काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसकी पैंट की जेब से पिस्तौल मिली। हालांकि पिस्टल में गोली नहीं थी। इसके अलावा उसकी जेब से 200 रुपये भी बरामद किए गए। आरोपी के पास पिस्टल का कोई लाइसेंस या परमिट नहीं था। चूंकि आरोपी नाबालिग है, इसलिए पुलिस ने उसके पिता को मौके पर बुलाने के साथ जुवेनाइल अफसर को भी सूचना दी। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ थाना रायपुररानी में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।