प्रशासनिक ताकत को बौना दिखाकर खनन माफिया इतना बेखौफ हो चुका है कि वो एडीसी और माइनिंग विभाग के स्टॉफ के रोकने पर भी ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक नहीं रुका और ट्रैक्टर लेकर गांव बड़ोना में घुस गया और किसी मकान की दीवार को टक्कर मारकर दीवार तक तोड़ दी और मौका पाकर फरार हो गया। पुलिस ने माइनिंग गार्ड शिव कुमार की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया। पुलिस को दी शिकायत में माइनिंग गार्ड ने बताया कि वो एडीसी उत्तम सिंह व आरटीए स्टॉफ के साथ रायपुररानी एरिया में अवैध खनन की चैकिंग कर रहे थे। इसी बीच मौली की तरफ से एक रेत से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली आ रहा था, जिसे रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वो नहीं रुका और भागते हुए गांव बड़ोना में घुस गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने गांव में एक घर की दीवार को टक्कर मारकर उसे तोड़ दिया। जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और फिर लोग इकट्ठे हो गए। उसके बाद एडीसी ने कहा कि पुलिस को इसकी सूचना देते है। फिर प्रशासनिक अधिकारी स्टॉफ के साथ रायपुररानी थाने जा पहुंचा और वहां गांव वाले भी पहुंच गए और तब तक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक फरार हो चुका था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी जांच शुरू कर दी है।