पंचकूला। शहर के तीन पीएमश्री स्कूलों के 15 विषय विशेषज्ञों को अब आईआईटी दिल्ली की ओर से ट्रेनिंग दी जाएगी। इसमें आईआईटी के प्रोफेसर और पीएचडी स्कॉलर शिक्षकों को बेहतरीन तरीके से पढ़ाने के गुर सिखाए जाएंगे, जिससे कि बच्चों को बेहतरीन शिक्षा मिल सके। इसके लिए स्कूलों को शिक्षा निदेशालय ने सर्कुलर जारी कर शिक्षकों के नाम देने को कहा गया है। शिक्षकों के नाम 20 दिसंबर तक शिक्षा विभाग को भेजे जाएंगे।
बता दें कि स्कूलों की दशा को सुधारने के लिए के लिए शिक्षा निदेशालय ने बेहतरीन पहल की है। इसमें भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और गणित के शिक्षकों को 15 दिन आईआईटी दिल्ली में बुलाकर पढ़ाने की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसमें शिक्षकों को विषय को कभी बच्चों को कठिन नहीं बनाने व पढ़ाई को सरल ढंग से कराने के गुर सिखाए जाएंगे। इसके लिए उन्हें स्मार्ट विधि से पढ़ाने का तरीका आईआईटी दिल्ली के विशेषज्ञ शिक्षक सिखाएंगे।
पंचकूला के पीएमश्री स्कूलों के 15 शिक्षकों को ट्रेनिंग के लिए भेजा जाएगा। स्कूलों से शिक्षकों को लिस्ट मंगवाई गई है। इसे जल्द ही शिक्षा निदेशालय को भेजेंगे और इनकी पढ़ाने की ट्रेनिंग करवाएंगे। -सतपाल कौशिक, जिला शिक्षा अधिकारी, पंचकूला शिक्षा विभाग