पंचकूला। रोजगार की मांग को लेकर आंदोलनरत कोरोना योद्धाओं का धरना मंगलवार को 9वें दिन भी जारी रहा। कोरोना योद्धाओं की अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष अन्नू धीमान ने की। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष संदीप संधू ने बताया कि 1 जून को ज्वाइनिंग लेटर मिलने का आश्वासन दिया गया। अगर बुधवार को ज्वाइनिंग लेटर मिल जाता है तो यहां भंडारा लगाया जाएगा। अगर ज्वाइनिंग लेटर नहीं मिलता है तो फिर आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
बता दें कि कोरोना काल में स्वास्थ्य विभाग में तैनात कर्मचारियों को कोरोना काल समाप्त होने के बाद नौकरी से हटा दिया गया था। प्रदेश में ऐसे करीब 2 हजार कोरोना योद्धा हैं, जिन्होंने स्वास्थ्य विभाग में अपनी सेवाएं दी थीं। अपनी नौकरी की बहाली की मांग को लेकर कोरोना योद्धा नौ दिन से धरने पर बैठे हैं। धरने के दौरान कोरोना योद्धाओं ने इंकलाब जिंदाबाद और एकता के नारे लगाए। इस दौरान धरने पर विजय, सन्नी, रजत, अन्नु धीमान, सोनिया, निकिता मलिक, मीना, सिवानी, साक्षी, सुनीता, सतीश, नितिन, पंकज, डॉ. नरेंद्र, सिमरनजीत, सोमवीर आदि उपस्थित रहे।