संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। एचएसवीपी की जमीन पर लोहे की जाली और अन्य साधनों से घेरबाड़ कर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इस अतिक्रमण की वजह से सेक्टरों की सड़कें ब्लाइंड मोड़ बनकर रह गए हैं। इसी कड़ी में शनिवार को विभाग ने सेक्टर-12 में व्यापक कार्रवाई की। इस कार्रवाई में जो भी खर्चा आएगा, उसको एचएसवीपी संबंधित अतिक्रमणकारी के पानी के बिल में जोड़कर वसूलेगा। इसके अलावा एचएसवीपी की इंफोर्समेंट विंग की टीम शहर के सेक्टरों में लगातार गश्त लगाएगी। जहां भी इस तरह का अतिक्रमण दिखाई देगा, वहां पर कर्मचारियों को बुलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा। शुक्रवार को करीब आधा दर्जन मकानों के साथ किए गए अतिक्रमण पर कार्रवाई की गई विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई से पहले मकान मालिक को कोई नोटिस नहीं दिया जाएगा। अतिक्रमण की जानकारी मिलते ही टीम सीधा कार्रवाई करने के लिए वहां पहुंचेगी। जाली या ग्रिल को उखाड़कर उसे जब्त कर लिया जाएगा और जगह को खाली करा दिया जाएगा।
हादसे होने का बना रहता है डर
इस तरह ग्रिल या जाली लगाने के कारण शहर में कई ऐसी जगह हैं, जहां ब्लाइंड मोड़ बन गए हैं और सड़कें तंग हो गई हैं। जब कोई वाहन चालक मोड़ पर पहुंचता है तो उसे दूसरी तरफ से आने वाला वाहन दिखाई नहीं देता है। इससे हादसा होने का डर बना रहता है। वहीं एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी बड़ी गाड़ी अगर सेक्टर में जाती है तो उसे मोड़ने में काफी समय लग जाता है। इससे जान-मान का नुकसान होने की आशंका बढ़ जाती है।
सभी शहरवासियों से अपील है कि वे अपने घरों के साथ लगती सरकारी जमीन पर अतिक्रमण न करें। अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जहां भी इस तरह का अतिक्रमण मिलता है, उसे हटाया जाएगा और इसका खर्च भी अतिक्रमण करने वाले को ही वहन करना पड़ेगा। - मानव मलिक, संपदा अधिकारी, एचएसवीपी, पंचकूला।